शहर से लेकर गांव तक चला अभियान, रोहनिया में सबसे अधिक 354 की कटी बिजली
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। बिजली बिल के बकायेदारों को लेकर विशेष अभियान के पहले ही दिन बिजली निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर से लेकर गांव तक विजिलेंस टीम और निगम के अधिकारियों ने 714 उपभोक्ताओं की बिजली काटी गई। इसमें सबसे अधिक ग्रामीण इलाके में रोहनिया, कोटवा, गंगापुर में 354 उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा गया। बिजली बिल के पांच हजार और एक लाख से अधिक के बकायेदारों सहित अन्य बकाए धनराशि पर सरचार्ज में छूट का लाभ दिलाने के लिए ओटीएस यानी एक मुश्त समाधान योजना चलाई जा रही है। इसके बाद भी लोग इसका लाभ नहीं ले रहे हैं। 18 दिसंबर से बिजली निगम ने बकायेदारों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। ग्रामीण इलाके में अधिशासी अभियंता द्वितीय मनीष ने बताया कि रोहनिया, गंगापुर, कोटवा, दफ्फलपुर में अभियान चलाया गया। 71 लाख बकाए में 354 उपभोक्ताओं की बिजली काटी गई। इसमें एक लाख और उससे ऊपर के बकाए वाले 49 उपभोक्ता थे। चौंकाने वाली बात तो यह है कि 50 से अधिक उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद कभी भी बिल ही जमा नहीं किया है। किसी का साल तो कोई चार साल से बिना बिल दिए बिजली का इस्तेमाल कर रहा था।
अधीक्षण अभियंता प्रथम प्रमोद गोगानिया ने बताया कि विद्युत वितरण मंडल प्रथम, द्वितीय, चतुर्थ, सप्तम के खंड और उपखंड कार्यालय के तहत 143 लोगों की बिजली काटी गई। 20 से अधिक लोग बिना बिल दिए लंबे समय से बिजली जला रहे थे। 382 लोगों ने ओटीएस में पंजीकरण करवाया। साथ ही 137 लोगों ने बुधवार को 96.89 लाख रुपये जमा किए। अधीक्षण अभियंता द्वितीय एके वर्मा ने बताया कि तृतीय, पंचम सहित अन्य खंडों में 217 कनेक्शन काटा गया। संबंधित क्षेत्रों में 30 से अधिक ऐसे लोगों का भी कनेक्शन कटा, जो बिजली कनेकशन लेकर बिल कभी भी नहीं जमा किए थे।