शहर के कई क्षेत्रों में बिजली ट्रिपिंग की समस्या ने रविवार को उपभोक्ताओं को परेशान कर दिया। नगरीय विद्युत वितरण मंडल द्वितीय से जुड़ीं 150 कॉलोनियों और मोहल्लों के उपभोक्ता पूरे दिन बिजली की आवाजाही झेलते रहे। कई बार 15 से 25 मिनट में ही बिजली ट्रिप कर जा रही थी।
उपभोक्ताओं ने कहा कि दिनभर में लगभग 25 बार बिजली की ट्रिपिंग हुई और ढाई से तीन घंटे की बिजली कटौती भी हो गई। रविवार को आशापुर, सारनाथ, अमनपुर, अवधपुरी, पंचकोशी रोड, अनुपम नगर, गणपति नगर, अशोक नगर, नक्खीघाट, सोना तालाब, बघवा नाला रोड, हुकुलगंज समेत 150 कॉलोनियों और मोहल्लों के लोग बिजली ट्रिंपिंग से परेशान रहे। अवधपुरी की सुषमा देवी, गणपति नगर के अशोक, विंध्याचल सिंह ने कहा कि दिनभर में लगभग 25 बार ट्रिंपिंग हुई। 15 से 25 मिनट में भी बिजली गुल हो जा रही थी। अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा ने कहा कि इस समय विभिन्न क्षेत्रों में अनुरक्षण कार्य भी कराए जा रहे हैं। हो सकता है इससे समस्या हुई हो। वैसे बिजली आपूर्ति में कहीं कोई दिक्कत नहीं है।