अस्सी इलाके में रविवार की सुबह करीब छह बजे अंडर ग्राउंड केबल फाॅल्ट होने से आसपास के इलाकों में बिजली गुल रही। लोगों ने इसकी सूचना उपकेंद्र को दी, जिसके बाद कर्मचारी पहुंचे। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह फाॅल्ट मिला भी तो उसको दूर करने में ही चार घंटे से अधिक का समय लग गया। बिजली आपूर्ति करीब 10 बजे बहाल हो सकी।
शहरी क्षेत्र में भुल्लनपुर, मंडुवाडीह, चेतगंज, भगवानपुर में सबसे अधिक बिजली कट रही है। यहां आए दिन लोग अपनी शिकायत उपकेंद्र पर लेकर पहुंचते हैं। इसमें तारों के टूटने की वजह से अधिक परेशानी हो रही है। भुल्लनपुर में ट्रांसपोर्टर सूर्यमणि तिवारी का कहना है कि पिछले दो महीने से बिजली आपूर्ति का शेड्यूल बिगड़ गया है। बिजली कब कट जाएगी और कब आ जाएगी, किसी को कोई जानकारी नहीं।
अधीक्षण अभियंता अनूप सक्सेना ने कहा कि बिजली की आपूर्ति 24 घंटे देने का शेड्यूल है। इसकी पूरी कोशिश की जाती है कि उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिले। शहरी क्षेत्र में तार टूटने, ट्रांसफार्मर जलने की सूचना मिलने पर उसे तुरंत बनवाया जा रहा है। सभी को बेहतर आपूर्ति दिलाने का पूरा प्रयास हो रहा है।