प्रदेश के वाराणसी समेत आठ शहरों में पहली बार इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलाने के लिए नगरीय परिवहन निदेशालय ने सर्वे शुरू कर दिया है। प्रत्येक शहर में 50 से 100 बसों के संचालन के लिए खरीदी जाने वाले करीब 600 बसों पर केंद्र सरकार सब्सिडी दे सकती है।
सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार वाराणसी के अलावा अलीगढ़, बरेली, मुरादाबाद, इटावा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, सहारनपुर, झांसी में भी इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलाने की तैयारी में हैं। आठ शहरों में आबादी के हिसाब से कितनी बसें चलेंगी, इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन और शासन को भेजेगा।
सर्वे में जिला प्रशासन, नगर निगम, नगर निकाय एवं संभागीय परिवहन कार्यालय अधिकारी प्रतिनिधि के रूप में शामिल होंगे। इसके साथ ही नगरीय परिवहन निदेशालय वाराणसी, गोरखपुर, इलाहाबाद, लखनऊ, कानपुर, गाजियाबाद और आगरा में 520 इलेक्ट्रिक सिटी बसें अनुबंध पर चलाएगा।
निदेशालय ने खुद के डिपो खोलने के लिए जिला प्रशासन से तीन से पांच एकड़ जमीन देने का अनुरोध किया है। इन डिपो पर चार्जिंग प्वॉइंट इलेक्ट्रिक बस शेड, कर्मियों के कार्यालय बनाए जाएंगे।