उत्तर प्रदेश टैक्स बार एसोसिएशन के दो दिवसीय 46वें वार्षिक अधिवेशन का समापन रविवार को हुआ। टैक्स बार एसोसिएशन वाराणसी के सचिव विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि शासन की ओर से जीएसटी या आयकर से जुड़ा कोई कानून बनाया जाता है तो उसमें अधिवक्ताओं की भी सलाह लेनी चाहिए। ऐसा करने से बहुत सी जटिलताओं का समाधान हो जाता है।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर आए पूर्व मंत्री व विधायक नीलकंठ तिवारी ने कहा कि देश और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में कर सलाहकार अधिवक्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान होता है। अधिवक्ताओं की जो भी समस्याएं होंगी, उनका समाधान शासन स्तर से कराया जाएगा।
अधिवक्ता समाज के सजग प्रहरी होते हैं। इससे पहले तकनीकी सत्र में जीएसटी की चुनौतियों पर चर्चा की गई। यशोवर्द्धन, सुनील गुप्ता व विक्रम चावला आदि ने समस्याओं और उनके निदान पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम का संचालन आनंद सिंघल ने किया।