वाराणसी। इस बार पंचायत चुनाव में एक बूथ पर 800 मतदाता ही वोट डाल सकेंगे। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इस बार एक बूथ पर 1200 के बजाय 800 मतदाता ही वोट डाल सकेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश के अनुसार एक मतदान केंद्र पर छह बूथ ही बनेंगे। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए इस समय निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। घर-घर जाकर बीएलओ(बूथ लेवल अफसर) गणना कार्ड पर नाम काटने, संशोधन एवं हटाने का कार्य शुरू कर दिए हैं।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) राजाराम वर्मा ने बताया कि जिले की 700 ग्राम पंचायतों में होने वाले चुनाव के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। उधर गांवों में विकास को मुद्दा बनाकर दावेदार समीकरण बनाने में लगे हुए हैं। पिछली बार जल निकासी, सड़क और गांव के विकास के नाम पर जनता ने पंचायत चुनाव में प्रधान को चुना है। पंचायत चुनाव की आहट के साथ ही दावेदारों ने गांव में अपनी दावेदारी मजबूत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चट्टी चौराहों पर गांव में हुए कार्यों की समीक्षा की जा रही है।