Varanasi News: चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लूठा खुर्द में बच्चों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग कर दी गई। इस दौरान एक वृद्ध को गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लूठा खुर्द में गुरुवार सुबह बच्चों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसी युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक वृद्ध गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
लूठा खुर्द निवासी 80 वर्षीय लल्लू गुप्ता की गांव में परचून की दुकान है। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे किसी बात को लेकर लल्लू गुप्ता के परिवार के बच्चों और पड़ोसी अरुण पांडेय के परिवार के बच्चों के बीच कहासुनी हो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान अरुण पांडेय मौके पर पहुंच गया और मारपीट करने लगा।
ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन मामला बढ़ गया। बताया जाता है कि कुछ देर बाद अरुण अपने घर से पिस्टल लेकर आया और लल्लू गुप्ता के दरवाजे पर बैठे लोगों को लक्ष्य बनाकर पांच राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली लल्लू गुप्ता के कंधे में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
परिजनों के अनुसार गोली अभी भी उनके कंधे में फंसी हुई है। घटना के बाद परिजन घायल वृद्ध को लेकर चौबेपुर थाने पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी वीरेन्द्र कुमार सोनकर ने बताया कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस टीम मौके पर रवाना कर दी गई है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।