यात्रियों का आरोप दो दिन से फंसे, खाने-पीने की व्यवस्था तक नहीं
वंदे भारत और राजधानी जैसी ट्रेनों में भी यात्रियों को कंफर्म सीट नहीं मिल पा रही है। वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली 20505 राजधानी एक्सप्रेस में सीटें ‘रिग्रेट’ हो चुकी हैं। कैंट स्टेशन से सुबह 6 बजे नई दिल्ली जाने वाली 22415 वंदे भारत एक्सप्रेस के चेयरकार में 139 वेटिंग और एग्जिक्यूटिव क्लास रिग्रेट है। यानी 3335 रुपये किराया देने के बावजूद ईसी में सीटें नहीं हैं।
यही हाल अपराह्न 3 बजे दिल्ली जाने वाली 22435 वंदे भारत एक्सप्रेस का भी है। इसमें भी चेयरकार में 135 वेटिंग और एग्जिक्यूटिव क्लास रिग्रेट है। बनारस स्टेशन से दिल्ली जाने वाली प्रमुख ट्रेन शिवगंगा एक्सप्रेस का स्लीपर क्लास भी रिग्रेट है। शनिवार से 10 दिसंबर तक इन ट्रेनों की यही स्थिति है।
उधर, विमान रद्द होने से एयरपोर्ट पर हंगामा कर रहे यात्रियों को सीआईएसएफ और एयरपोर्ट कर्मियों ने किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया। पुणे, कोलकाता, मुंबई, बंगलूरू, रायपुर समेत अन्य शहरों की उड़ान रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वाराणसी से दिल्ली वाया लखनऊ चलेगी ट्रेन
विमानों के निरस्तीकरण से लखनऊ व वाराणसी में फंसे यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे प्रशासन रविवार को स्पेशल ट्रेन चलाएगा। इस ट्रेन से ढाई हजार यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके अतिरिक्त ररविवार को एसी एक्सप्रेस सहित तीन ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां लगाने का निर्णय लिया गया है।
गाड़ी संख्या 04206 वाराणसी से रविवार अपराह्न 2:50 बजे चलकर मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन से शाम 4:50 बजे, रायबरेली से शाम 6:25 बजे होते हुए लखनऊ रात 8:20 बजे पहुंचेगी। इसके बाद यह बरेली से रात 12:38 बजे, मुरादाबाद से 2:10 बजे, गाजियाबाद से सुबह 4:28 बजे होते हुए नई दिल्ली सुबह सवा पांच बजे पहुंचेगी। वापसी में दिल्ली में फंसे यात्रियों के लिए ट्रेन नंबर 04205 स्पेशल सोमवार सुबह 10:55 बजे नई दिल्ली से चलेगी, जो लखनऊ से रात 8:05 बजे होते हुए वाराणसी रात 1:20 बजे पहुंचेगी।