बरेका मैदान में क्रेन के सहारे रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले देर शाम खड़े कर दिए गए। सोमवार को दिनभर विजयोत्सव की तैयारियां चलती रहीं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। मंगलवार को तीन बजे से ही लोग मेला देखने आने लगेंगे। चार एलईडी स्क्रीन लगाई गई है जिस पर रावण दहन और रूपक का लाइव प्रसारण होगा।
सोमवार को बरेका के केंद्रीय खेल मैदान पर फुल रिहर्सल किया गया। विजयादशमी समिति के निदेशक एसडी सिंह ने बताया कि सफेद, लाल व हरे रंग के पास जारी किए गए हैं। सफेद पास वाले लोग खेल मैदान के मुख्य द्वार से प्रवेश करेंगे। वहीं लाल पास वाले बास्केटबॉल ग्राउंड व हरे पासधारी प्रशासनिक भवन की तरफ से बनाए गए द्वार से प्रवेश करेंगे। सभी पासधारी को साढ़े चार बजे तक अपना स्थान ग्रहण कर लेना है। इसके अलावा एक प्रवेश द्वार रेलवे फाटक और एक साइकिल स्टैंड की तरफ से प्रवेश के लिए बनाया गया है। यहां पास की जरूरत नहीं होगी। मेले में एक से डेढ़ लाख लोगों के आने की उम्मीद है। इसे ध्यान में रखकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला पुलिस के साथ आरपीएफ व सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड के अलावा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात होंगी। पूरे परिसर में मंगलवार को वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।