पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभागार में आर्बिट्रेशन, भूमि और स्थापना संबंधी न्यायिक मामलों की समीक्षा की। इसमें लंबित न्यायालयीय प्रकरणों की वर्तमान स्थिति, प्रगति, शीघ्र निस्तारण के बारे में अधिकारियों से चर्चा की। कहा कि न्यायालय से जुड़े लंबित मामलों की प्रभावी ढंग से निगरानी बहुत जरूरी है।
अपर महाप्रबंधक ने अधिकारियों से कहा कि वह अपने-अपने विभाग से संबंधित न्यायालयीय मामलों की नियमित रूप से व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी करें। साथ ही मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के लिए रेलवे के अधिवक्ताओं को समय-समय पर जरूरी तथ्यों और अभिलेखों के साथ ब्रीफ करने की जरूरत है। उन्होंने विशेष रूप से पुराने और लंबित न्यायिक मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर देते हुए अधिकारियों को ऐसे मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई को कहा। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, उप मुख्य इंजीनियर (निर्माण) पंकज पांडेय, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह मौजूद रहे।