बीएचयू में आरएसएस भवन की तस्वीर पूर्व छात्र ने भारत कला भवन संग्रहालय में लगाने की मांग की थी। इस मामले में शिक्षा मंत्रालय ने कुलसचिव से जवाब मांगा है।
बीएचयू विधि संकाय परिसर के आरएसएस भवन का दुर्लभ फोटोग्राफ भारत कला भवन के संग्रहालय वीथिका में लगाने की मांग की गई थी। इस बारे में शिक्षा मंत्रालय ने बीएचयू के कुलसचिव से जवाब मांगा है।
विज्ञापन
बीएचयू के पूर्व छात्र और कौशलेश नगर कॉलोनी निवासी प्रमील पांडेय ने बताया कि 29 अप्रैल को शिक्षा मंत्रालय को भेजे पत्र में यह बताया गया था कि 1937 में जिस भवन को बनवाया गया था, उसको 22 फरवरी 1976 को तोड़वा दिया गया। उस ऐतिहासिक भवन का फोटो बीएचयू के पूर्व प्रोफेसर आरएच तूपकरी से प्राप्त हुआ था। इसको भारत कला भवन में लगाए जाने के लिए कुलपति से मुलाकात की गई।
प्रमील पांडेय का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अब तक इस फोटो को संग्रहालय में नहीं लगवाया गया। उनके इस पत्र पर 29 मई को शिक्षा मंत्रालय ने बीएचयू के रजिस्ट्रार से जवाब मांगा है।
विज्ञापन
अगर यह दुर्लभ फोटो संग्रहालय में लग जाएगा तो विश्वविद्यालय के इस ऐतिहासिक धरोहर से भी छात्रों को रूबरू होने का मौका मिलेगा। वहीं आरटीआई के तहत मांगे गए जवाब में बीएचयू ने बताया था कि ऐसे भवन के बारे में कोई अभिलेख नहीं है।