भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) और वरुणा बचाओ की ओर से शनिवार को शास्त्रत्त्ी घाट पर जनसम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने नोटबंदी को आर्थिक आपातकाल बताया। वाराणसी को स्मार्ट सिटी बनाने, गैस पाइप लाइन शुरू करने का विरोध किया। वरुणा कॉरिडोर के ग्रीन बेल्ट के नाम पर जमीन लेने पर सरकार को घेरा।
कहा कि जनता की आवाज को दबाने के लिए सरकार दमन का सहारा ले रही है। केंद्र और राज्य की सरकारें विकास के एक ऐसे रास्ते पर चल रही हैं, जिसमें चंद पूंजीपति घरानों को फायदा होगा। स्मार्ट सिटी, ग्रीन बेल्ट के नाम पर जनता को उजाड़ा जा रहा है। वरुणावासियों के आंदोलन को पार्टी का समर्थन दिया। कहा कि भूमि अधिग्रहण के खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी।
सम्मेलन में किसान संघर्ष परिषद चंदौली, गुमटी व्यवसायी कल्याण समिति दीनापुर, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी बीएचयू, भगत सिंह छात्र मोर्चा बीएचयू, ज्वाइंट एक्शन कमेटी बीएचयू, आईसा संगठन शामिल रहे। संचालन मनीष शर्मा ने किया। सम्मेलन में प्रो. चौथीराम यादव, अमान अख्तर, सरफराज खान, शेख मोहम्मद सोमारू, चिंतामणि सेठ, किस्मत यादव, श्रवन कुशवाहा, रोशन पांडेय, डा. मुनीजा रफीक खान ने विचार रखे।