वाराणसी। चौकाघाट दोहरे हत्याकांड में वांछित पांच बदमाशों के खिलाफ सीजेएम की अदालत ने गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया है। अदालत ने यह आदेश मुकदमे के विवेचक के प्रार्थना पत्र पर दिया है।
बीती 28 अगस्त को चौकाघाट में कैंट थाने के हिस्ट्रीशीटर अभिषेक सिंह प्रिंस सहित दो लोगों की हत्या कर दी गई थी। इसके साथ ही अभिषेक के एक दोस्त की हत्या का प्रयास किया गया था। इस प्रकरण में विवेक सिंह कट्टा ने तीन आरोपियों ने अदालत में समर्पण किया था, जबकि चार आरोपी गिरफ्तार किए गए थे। पुलिस को अब वारदात को अंजाम देने वाले शूटर नरोत्तमपुर के मनीष सिंह सोनू, 25 हजार के इनामी जौनपुर के लाइन बाजार थाना के कुद्दूपुर निवासी अतुल विश्वकर्मा, बड़ी पियरी के रोशन गुप्ता उर्फ किट्टू, विवेक सिंह कट्टा के भाई विशाल सिंह और पहडि़या क्षेत्र के अभिनव सिंह की तलाश है। प्रकरण के विवेचक इंस्पेक्टर जैतपुरा के मुकदमे की विवेचना के दौरान विशाल और अभिनव सिंह का नाम सामने आया। इसलिए, पांचों आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया था। अदालत ने पांचों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।