संवाद न्यूज एजेंसी
जौनपुर। पुलिस और ड्रग विभाग की टीम ने खेतासराय थाना क्षेत्र के सरवरपुर (वार्ड नंबर एक) में शुक्रवार को छापा मारा। ड्रग इंस्पेक्टर रजत कुमार के मुताबिक, शुभम सिंह के घर अवैध दवाओं का भंडारण किया गया था।
मौके से 2.33 लाख रुपये की दवाएं मिलीं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी भानु प्रताप सिंह की टीम के साथ कार्रवाई की गई। शुभम सिंह की मां संगीता सिंह घर पर थीं। टीम ने जब घर की तलाशी ली, तो वहां बिना किसी वैध लाइसेंस या दस्तावेज के अवैध रूप से रखी गईं लगभग 2,33,860 रुपये मूल्य की एलोपैथिक दवाएं बरामद हुईं।
दवाओं के दो अलग-अलग सैंपल (नमूने) एकत्र किए। इन सैंपलों को जांच के लिए सरकारी लैब भेज दिया गया है। साथ ही, ड्रग एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 और नियमावली 1945 के नियमों के तहत बची दवाओं को सूचीबद्ध किया गया।
इसके बाद सभी दवाओं को चार प्लास्टिक की बोरियों में भरकर सील कर दिया गया। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि दवाओं के सैंपल की लैब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जैसे ही लैब से जांच रिपोर्ट मिलेगी। पुलिस की विभागीय जांच पूरी होगी, आरोपी शुभम सिंह के खिलाफ न्यायालय में शिकायत वाद दर्ज कराया जाएगा।
कार्रवाई के बाद से इलाके के अवैध दवा कारोबारियों और अपराधियों में हड़कंप मचा है। पुलिस आरोपी के अन्य संभावित ठिकानों और संपत्तियों की भी जांच कर रही है।