वाराणसी। श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने वाले रोडवेज चालकों ने दुर्व्यवस्थाओं से खफा होकर शुक्रवार की रात कैंट स्टेशन परिसर में धरने पर बैठ गए। चालकों का आरोप रहा कि सुबह से आए हुए हैं, लेकिन भोजन पानी का इंतजाम नहीं किया गया। ट्रेन लेट हो रही है और इधर खाना को लेकर बहानेबाजी की जा रही है। सुबह कोई विन्ध्यनगर डिपो तो कोई शक्तिनगर डिपो से आया हुआ है। रास्ते में कुछ खाने के लिए भी नहीं मिल रहा। चालकों के धरने पर बैठने की जानकारी मिलते ही आरएम, एआरएम मौके पर पहुंचे और चालकों को भोजन का प्रबंध कराएं जाने का आश्वासन देकर शांत कराया गया। एआरएम कैंट आरके ओझा ने बताया कि ट्रेन लेट होने के कारण चालकों को भोजन नहीं मिल सका था। बहरहाल, 100 से अधिक चालकों के लिए भोजन का प्रबंध किया जा रहा है। प्रदर्शनरत कर्मचारियों ने कहा कि लेटलतीफी की शिकार ट्रेनों के शेड्यूल के हिसाब से उनकी ड्यूटी का समय कोई सुनिश्चित नहीं है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर वह सुबह से लेकर रात तक ड्यूटी मौजूद रहते हैं।