डाफी टोल प्लाजा से विश्व सुंदरी पुल के बीच लौटूबीर मंदिर के सामने शुक्रवार को दोपहर में चलती ट्रक से चालक कूद कर फरार हो गया। ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे के किनारे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में ट्रक में लदे सात गोवंश की मौत हो गई, जबकि अन्य भाग निकले। सूचना पाकर लंका थाने की पुलिस और एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। जीवित गोवंश को एनएचएआई की टीम ने ट्रक से बाहर निकाला तो वह इधर-उधर भाग गए। मृत गोवंश का पोस्टमार्टम करा गड्ढा खोदवाकर ढकवा दिया गया। इंस्पेक्टर लंका अश्वनी पांडेय ने बताया कि टोल प्लाजा पर लगे सीसी कमरे की फुटेज खंगालने के साथ ही ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से उससे संबंधित लोगों का पता लगाया जा रहा है।