वाराणसी। बीएचयू की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. श्यामा कुमारी ने दक्षिण कोरिया के सियोल में हुए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शोधपत्र प्रस्तुत किया। संगीत एवं मंच कला संकाय के गायन विभाग की डॉ. कुमारी ने इंडियन एसोसिएशन फॉर साउथ एशियन स्टडीज के छठे सम्मेलन में हिंदुस्तानी गायन परंपरा में फारसी सौंदर्यशास्त्र पर किए गए अपने शोध को बताया। कहा कि इस शोध में हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन और फारसी संगीत परंपराओं के ऐतिहासिक और सांगीतिक अंतर्संबंधों का विश्लेषण किया गया है। खासकर भारतीय संगीत के मींड, गमक, मुरकी, खटका जैसे अलंकारों और फारसी संगीत की मेलोडिक एक्सप्रेशन के तुलनात्मक पक्षों को बताया। साथ ही भारतीय संगीत की श्रुति अवधारणा और फारसी संगीत के बारीक स्वरांतर संबंधी सिद्धांतों का भी संगीत शास्त्रीय विवेचन प्रस्तुत किया। ब्यूरो