मानव विकास संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. महेंद्र पांडेय ने कहा कि निजी स्कूलों मेें शुल्क वृद्धि पर अभिभावकों का काफी विरोध सामने आ रहा है। इसके प्रति केंद्र और प्रदेश सरकार गंभीर है। इसपर विचार चल रहा है और जल्द ही जनहित में ठोस निर्णय लिया जाएगा। ताकि इससे लोगों को राहत मिल सके।
शनिवार को डॉ. महेेंद्र पांडेय रवींद्रपुरी स्थित पीएम के संसदीय कार्यालय पर जनसुनवाई के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शुल्क वृद्धि की शिकायतें भी मिल रही हैं। इसपर विचार कर फैसला लिया जाएगा।
केसरिया गमछा और भगवा कपड़े पहनकर अशांति फैलाने वालों पर उन्होंने कहा कि इस पर केंद्र सरकार नजर रखे हुए है। खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। किसी को अशांति फैलाने की छूट नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि काशी के विकास को लेकर केंद्र और राज्य सरकार तत्पर है। बुनियादी विकास से जुड़ी कई योजनाओं पर काम शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में बनारस में विकास दिखेगा। उन्होंने कहा कि योग स्कूल खोलने पर भी सरकार गंभीर है। इस पर विचार चल रहा है। सहमति के बाद योग स्कूल खोले जाएंगे।
इससे पहले पीएम के संसदीय कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान लोगों ने शुल्क वृद्धि, स्कूलों में दाखिला कराने, जमीन से कब्जा हटाने के लिए प्रार्थना दिया। इसके अलावा गंभीर बीमारी का इलाज कराने, नाली और गली न बनाए जाने की शिकायत की। इस दौरान तकरीबन 150 से अधिक लोगों ने अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन दिए।