इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की बनारस शाखा के सत्र 2016-17 के अध्यक्ष डॉ. अरविंद सिंह होंगे। रविवार को हुए चुनाव में उन्होंने कांटे के मुकाबले में डॉ. राहुल चंद्रा को 100 वोट से हराया। उधर सचिव पद पर डॉ. कार्तिकेय सिंह दोबारा चुने गए। रात दो बजे घोषित चुनाव में परिणाम में डॉ. अरविंद सिंह को 524 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. राहुल चंद्रा को 424 मत मिले।
इसी तरह सचिव पद पर डॉ. कार्तिकेय सिंह को 517 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. एसपी सिंह को 409 मत मिले। इस तरह चुनाव में डॉ. एनपी सिंह का पैनल हावी रहा। ये वही डॉ. एनपी सिंह हैं जिन्हें पिछले दिनों गबन के आरोप में बनारस क्लब की सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था। बहरहाल, अफसर लॉबी की घेरेबंदी को धता बताते हुए आईएमए में वह अपने पैनल को जिताने में कामयाब रहे।
रविवार को भारी गहमागहमी के बीच आईएमए के 1543 में से 956 सदस्यों ने मतदान किया। लहुराबीर स्थित आईएमए भवन की नई बिल्डिंग के सभागार में बने 12 बूथों पर सुबह नौ से शाम छह बजे तक चले मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। इस दौरान अलग-अलग पैनल से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी और उनके समर्थन में कई पूर्व पदाधिकारी पूरे समय तक जमे रहे। एक पैनल डॉ. एनपी सिंह का रहा तो दूसरे पैनल की अगुवाई डॉ. ओपी तिवारी, डॉ. संजय राय और डॉ. अशोक राय ने की।
शात सात बजे के बाद मतगणना प्रारंभ हुई जो रात डेढ़ बजे तक चली। कुल 19 राउंड की मतगणना के बाद विजेताओं के नाम घोषित हुए। दोनों ही विजयी पदाधिकारी पहले राउंड से ही अपने प्रतिद्वंद्वी से आगे रहे। यह बढ़त अंत तक बरकरार रही। मालूम हो कि आईएमए के उपाध्यक्ष रहे डॉ. अरविंद सिंह फिलहाल मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक हैं। इसके अलावा वे प्रांतीय चिकित्सा सेवा के वाराणसी शाखा के सचिव का दायित्व संभाल रहे हैं। उधर, डॉ. कार्तिकेय सिंह आईएमए के निवर्तमान सचिव हैं।