मऊ। शासन के निर्देश पर परिवहन विभाग सोमवार को सक्रिय हो गया। लेकिन अभी भी सड़कों पर धड़ल्ले से जाति सूचक शब्द लिखे वाहन दौड़ रहें हैं। हालांकि परिवहन विभाग ने दावा किया कि शासनादेश के बाद से ऐसे वाहनों के विरुद्घ कार्रवाई करने के लिए अभियान चलाया जा रहा। एआरटीओ प्रवर्तन और पीटीओ सहित कई अधिकारियों ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग की। इस दौरान सोमवार को कुल एक दर्जन वाहन ऐसे मिले जिनके नंबर प्लेट पर जाति सूचक शब्द लिखे गए थे। अधिकारियों ने इसे हटवाया।
शासन ने हाल ही में आदेश जारी किया है कि वाहनों पर जाति दर्शाने वाले शब्दों को मिटवाया जाए अथवा प्लेट हटवाई जाए। शासन की मंशा के अनुरूप एआरटीओ कहकशां खातून और पीटीओ मानवेंद्र बहादुर सिंह तथा अन्य अधिकारी कर्मचारी सुबह से चेकिंग अभियान में लग गए। कई स्थानों पर की गई चेकिंग की कार्रवाई में दर्जन भर ऐसे वाहन मिले जिन पर जाति सूचक शब्द लिखी प्लेट लगी थी। तीन चार पहिया तथा नौ दो पहिया वाहनों जांच अधिकारियों ने इन्हें हटवा दिया। इस बाबत पीटीओ मानवेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि अब रोजाना इस प्रकार की चेकिंग कराई जाएगी। उन्होंने लोगों का आह्वान भी किया कि ऐसे लोग अपने वाहनों से ऐसे प्लेट स्वत: ही हटा लें।