बाबतपुर। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रविवार को वाराणसी से दिल्ली के लिए उड़ान की तैयारी कर रहा विस्तारा का विमान तकनीकी खराबी के चलते रनवे से एप्रन वापस लौट आया। विशेषज्ञों की जांच के बाद विमान ने उड़ान भरी। इस दौरान 45 मिनट तक यात्री परेशान रहे। सूत्रों की मानें तो विमान का दरवाजा ठीक से लॉक नहीं हुआ था, जिसकी वजह से विमान को वापस लौटना पड़ा।
दोपहर बाद 3:20 बजे विमान यूके 640 पुशबैक होने के बाद रनवे की ओर जा रहा था। इसी दौरान पायलट को तकनीकी खराबी का पता चला। इसके बाद विमान को एप्रन वापस लाया गया। उधर, विमान के लौटने पर यात्री घबरा गए। विशेषज्ञों ने 45 मिनट तक विमान की जांच की। खराबी दूर होने के बाद विमान ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी, तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। उधर, स्थानीय प्रबंधक निहारिका ने इसे ऑपरेशनल रीजन पेपर वर्क बताकर पल्ला झाड़ लिया।