डोभी रेलवे क्रासिंग के पास हुई घटना, हादसा टला
- फोटो : अमर उजाला
हावड़ा से देहरादून जा रही दून एक्सप्रेस बुधवार को वाराणसी-फैजाबाद रेल खंड पर दुर्घटना ग्रस्त होने से बच गई। इंजन की कपलिंग टूटने से ट्रेन के सारे डिब्बे छोड़ कर इंजन एक किलोमीटर आगे बढ़ गया। किसी हादसे की आशंका से यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्रियों को मामूली चोटें भी आई।
शाहगंज से दूसरा इंजन मंगाकर बोगी से जोड़ा गया। फिर एक घण्टा बाद ट्रेन रवाना हुई। इस बीच, कई ट्रेनों को इधर- उधर स्टेशनों पर परिचालन प्रशासन को रोकना पड़ा। दून एक्सप्रेस का खेतासराय रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं है।
दोपहर 01 बज कर 10 मिनट पर ट्रेन खेतासराय प्लेटफार्म से गुजरी तो ठीक थी। खेतासराय के आउटर पार करते ही ट्रेन के इंजन की कपलिंग टूट गई। जिससे इंजन सभी डिब्बे से अलग हो गया।
गेट नम्बर 56 सी पर तैनात गेटमैन हीरालाल ने इंजन और डिब्बे को अलग होते देखा तो क्रासिंग पर यात्रियों को सतर्क करते हुए खेतासराय स्टेशन पर सूचना दी। इंजन को छोड़कर सारे डिब्बे गेट नम्बर 56 सी पर आ कर रुक गए उधर इंजन एक किलोमीटर आगे तक उसरहता रेलवे क्रासिंग तक चला गया।
रेलकर्मी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे तो देखा की इंजन और डिब्बे को जोड़ने वाली कपलिंक टूटी हुई है। दोपहर 2 बजकर 20 पर शाहगंज से इंजन आया तो ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई।