आईएमएस बीएचयू के बाल बाल चिकित्सा हेमेटोलॉजी ऑन्कोलॉजी के तहत चलने वाले बीएमटी (बोन मैरो ट्रांसप्लांट) सेंटर में बाल कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों में कैंसर के कारण, बचाव के उपाय पर चर्चा हुई।मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने चिकित्सकों को स्टेम सेल अनुसंधान, थैलेसीमिया ग्रसित उपचार पर ध्यान देने का आह्वान किया।
ट्रॉमा सेंटर परिसर स्थित सेंटर पर आयोजित कार्यक्रम में कुलपति ने एक नए पीडियाट्रिक प्ले रूम का उद्घाटन किया। यहां बच्चों के खेलने की सामग्रियां भी हैं। उन्होंने कार-टी सेल थेरेपी और उन्नत अनुसंधान जैसी पहल के लिए चरणबद्ध कार्य योजना तैयार करके केंद्र की क्षमता का अधिकतम उपयोग करने की बात कही। कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में तीव्र प्रगति ने कई लाइलाज बीमारियों को उपचार योग्य बना दिया है। आईएमएस बीएचयू निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने टीम भावना के साथ बीएमटी में किए जाने वाले कार्य की सराहना की। आधुनिक चिकित्सा संकाय प्रमुख प्रो. संजय गुप्ता, ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह, डीन रिसर्च प्रो. मनोज पांडेय ने विचार रखे। कार्यक्रम समन्वयक प्रो. विनीता गुप्ता ने बताया कि यहां अब तक 38 प्रत्यारोपण पूरे किए जा चुके हैं, जिनमें नौ एलोजेनिक प्रत्यारोपण शामिल हैं। कार्यक्रम में 40 बच्चों ने भाग लिया। डॉ. प्रियंका अग्रवाल, प्रो. अंकुर सिंह, प्रो. सुनील राव, प्रो. संजीव गुप्ता आदि मौजूद रहे।