चिकित्सकों पर हो रहे हमलों के खिलाफ वाराणसी के डॉक्टरों ने भी शुक्रवार को काली पट्टी बांधकर काम किया। डॉक्टरों ने संयुक्त रूप से हमलों को रोकने की मांग की है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने कड़ी निंदा कर शुक्रवार को विरोध दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। आईएमए लहुराबीर व केंद्रीय चिकित्सालय बरेका में डॉक्टरों ने सुबह से ही काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और हिंसा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का संदेश दिया। आईएमए बनारस शाखा के सचिव डॉॅ. राजेश्वर नारायण सिंह ने बताया कि लगातार हो रहे हमलों से डॉक्टरों में खौफ है। कोरोना काल में चिकित्सकों ने पूरी निष्ठा से सरकार के साथ अपनी भागीदारी निभाई। प्रधानमंत्री इस घटनाओं को संज्ञान में लें और चिकित्सकों के साथ हो रही हिंसा पर रोक लगाएं। साथ ही कोरोना से जान गंवाने वाले चिकित्सकों को कोरोना शहीद का सम्मान दिया जाए। आईएमए लहुराबीर परिसर में विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से डॉ. कार्तिकेय सिंह, डॉ. अशोक राय, डॉ. मधु अग्रवाल, डॉ. कर्मराज सिंह, डॉ. अरविंद सिंह आदि मौजूद रहेे।