ओपीडी में रोज 1200-1500 मरीज इलाज के लिए आते हैं। अपर निदेशक ने भीड़ को देखते हुए पंजीकरण काउंटर, पैथोलॉजी और दवा वितरण काउंटर के पास भी तत्काल नए आरओ और वाटर कूलर लगाने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड की जानकारी नहीं दे रहे थे डॉक्टर : नेत्र विभाग की ओपीडी में डॉ. कमला प्रसाद 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए जागरूक नहीं कर रहे थे। इस पर नाराजगी जताते हुए अपर निदेशक ने अस्पताल में बुजुर्गों के लिए एक अलग डेडिकेटेड आयुष्मान काउंटर बनाने और सभी डॉक्टरों को ओपीडी में आने वाले वृद्ध मरीजों की आयुष्मान कार्ड के बारे में बताने के निर्देश दिए।
रजिस्टर में बीमारी और दवा ही नहीं दर्ज कर रहे थे डॉक्टर: जीरियाटिक (वृद्धजन) ओपीडी में तैनात फिजिशियन डॉ. निशांत चौधरी मरीजों का परीक्षण तो कर रहे थे, लेकिन रजिस्टर में न तो बीमारी (डायग्नोस्टिक) का उल्लेख था और न ही दवाइयां लिखी गई थीं। उन्हें वृद्ध मरीजों की चिकित्सा पद्धतियों के बारे में पूरी जानकारी भी नहीं थी।
अस्थिरोग विभाग में डॉ. एके सिन्हा के कक्ष के बाहर अत्यधिक भीड़ को देखकर सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिए गए कि वे मरीजों को कतारबद्ध करें और एक समय में केवल एक ही मरीज को अंदर जाने दें । अस्पताल प्रशासन को सभी आदेशों का पालन कर तीन दिनों के भीतर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए हैं।
दवाओं की कमी और गड़बड़ी मिलने पर जवाब मांगा
वाराणसी जिले में 10 जनऔषधि केंद्रों का लखनऊ की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान मानसिक अस्पताल परिसर स्थित जनऔषधि केंद्र पर दवाओं की शॉर्टेज से लेकर अन्य कंपनियों की दवाएं रखी हुई मिलीं। इस पर टीम ने संचालक से लिखित जवाब मांगा और दवाओं की स्टॉक रिपोर्ट अपने साथ ले गई।
अमर उजाला में बीते 17 मई को जनऔषधि केंद्रों पर मोनोपॉली दवाएं बेचे जाने से जुड़ी खबर प्रकाशित की गई थी। इसे संज्ञान में लेते हुए बुधवार को लखनऊ से आई एक विशेष टीम ने वाराणसी के कुल 10 जनऔषधि केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जांच टीम जब पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल पहुंची तो वहां जनऔषधि केंद्र अपने मूल स्थान पर मिला ही नहीं। केंद्र को एक अस्थायी टीन शेड में संचालित किया जा रहा था। टीम ने सीएमएस से जवाब तलब किया है।