वाराणसी जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। चिकित्सकों ने कोरोना की तरह ही डेंगू की रोकथाम के लिए भी वैक्सीन की जरूरत बताई। साथ ही यह भी कहा डेंगू के मरीजों को समय-समय पर बीपी की जांच कराते रहनी चाहिए। अमर उजाला कार्यालय चांदपुर में आयोजित संवाद में चिकित्सकों ने बताया कि डेंगू के संक्रमण की वजह से बीपी में उतार-चढ़ाव होने की संभावना अधिक रहती है। यह भी सतर्कता बरतने की जरूरत है कि घर के आसपास साफ-सफाई हो।
बता दें कि जिले में डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही पिछले दो साल का रिकॉर्ड टूट गया है। इस समय मरीजों की संख्या बढ़कर 360 तक पहुंच गई है, जो पिछले तीन वर्षों में सबसे ज्यादा है। वर्ष 2020 में 15 जबकि 2021 में 352 मरीज मिले थे।