बकरीद से पहले सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अफवाहों का बाजार गर्म हो गया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल सूचना के अनुसार बकरीद पर कुर्बानी को लेकर तरह-तरह की बातें की जा रही हैं। इसको देखते हुए मुफ्ती ए शहर अब्दुल बातिन नोमानी ने इस तरह की अफवाहों का पूरी तरह से खंडन किया है। इस मामले में उन्होंने अपर पुलिस आयुक्त से भी मुलाकात करके इसकी शिकायत की है।
मुफ्ती ए शहर ने बताया कि अपर पुलिस आयुक्त ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सूचना को पूरी तरह से अफवाह बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बकरीद को लेकर केंद्र व राज्य सरकार की तरफ से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। हर साल की तरह ईद उल अजहा का पर्व इस साल भी पुरानी रवायत के अनुसार ही मनाया जाएगा। किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। इस तरह की खबरों की सत्यता को परखे बिना सोशल मीडिया पर शेयर न करें। भ्रामक खबरों को पोस्ट करने वालों पर शासन की पैनी नजर है। इसलिए हमें हरसंभव सतर्क रहना चाहिए ताकि जाने-अंजाने हम किसी मुसीबत में न फंस जाएं।