दुर्गाकुंड के समीप कबीर नगर में आईपीडीएस योजना के तहत कराए जा रहे काम का निरीक्षण करने पहुंचे पीयूष गोयल।
केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार जो योजनाएं लागू करती है, उन्हें राज्य सरकारों के माध्यम से पूरा कराती है लेकिन प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में प्रदेश सरकार केंद्र की विकास योजनाओं को मूर्त रूप नहीं दे रही। कबीर नगर कालोनी में आईपीडीएस योजना के तहत भूमिगत विद्युत केबिल बिछाने के काम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मीडिया से ये बातें कहीं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों को राजनीति से न जोड़ा जाए। प्रयास होना चाहिए कि सभी योजनाओं और विकास कार्यों का जनता को समुचित लाभ मिले। विकास कार्य का जायजा लेते हुए उन्होंने एक सेक्शन के काम को अधिकतम दस दिनों में पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही स्मार्ट मीटर और स्विच बोर्ड लगाने को कहा।
उन्होंने पाइप डालने की आटोमेटिक पद्धति की समीक्षा की। इस योजना को और गति देने के लिए नई तकनीक को अपनाने पर विचार किया जाएगा। मजदूरों की संख्या बढ़ाकर चौबीस घंटे काम कराया जाएगा। इस दौरान उनके साथ मुख्य अभियंता आरके शर्मा, आईपीडीएस के नोडल अधिकारी अनिल कुमार वर्मा, अधीक्षण अभियंता आशीष अस्थाना, पावर ग्रिड के महाप्रबंधक एके सिंह आदि थे।