जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने सोमवार को विकासखंड गड़वार के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और ब्लाक कार्यालय का निरीक्षण किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के फार्मासिस्ट और नर्स से स्वास्थ्य केंद्र संचालन व एपीओ और वरिष्ठ सहायक से वहां से संचालित व्यवस्था के बारे में जाना।
पीएचसी के निरीक्षण के दौरान उपस्थिति रजिस्टर चेक किया तो चार कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इन सभी पर जिलाधिकारी ने कार्रवाई के लिए कहा। एएनएम नम्रता सिंह ने बताया कि यहां नॉर्मल डिलीवरी ही होती है, सिजेरियन नहीं।
ब्लाॅक कार्यालय में उपस्थिति, ग्रांट, और मनरेगा रजिस्टर को चेक किया। बीडीओ अतुल राय बिना प्रार्थना पत्र के कार्यालय में नहीं मिले। कुछ और कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित नहीं थे। इस पर जिलाधिकारी ने बीडीओ के पूरे महीने का और बाकी अनुपस्थित कर्मचारियों के एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने जब ग्रांट रजिस्टर चेक किया तो पाया कि अंतिम प्रविष्टि और रजिस्टर मेंटेन सहित अन्य विसंगति मिली। जिलाधिकारी ने वरिष्ठ सहायक पर विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मनरेगा रजिस्टर निरीक्षण के दौरान वर्तमान में जनपद में मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों के बारे में पूछने पर एपीओ ने कहा कि आज कार्य नहीं चल रहा है। कल से कार्य होगा। संतुष्टिपरक उत्तर न मिलने पर जिलाधिकारी ने इन पर भी विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया।