वाराणसी। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने सरकारी पुआरीकला व दो अन्य स्थानों के सरकारी अस्पतालों को इम्पैनल (पैनल में नहीं लेना)नहीं करने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी को नोटिस जारी किया है। विकास भवन में मासिक समीक्षा बैठक में कैटल कैचर का पैसा स्वीकृत होने के बाद भी गाड़ियां न खरीदने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया। हरहुआ और चिरईगांव ब्लाक में पांच-पांच लाख रुपए की धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद जमीन तक चिन्हित नहीं होने पर बीडीओ को निर्माण को शुरू करने का निर्देश दिया।
डीएम ने आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान गोल्डन कार्ड बनाने की मंद गति पर नाराजगी जताई। लैंड बैंक न होने की जानकारी पर वीडीए अधिकारी को निर्देश दिया कि ग्राम सम्पत्ति रजिस्टर से देखकर आसपास के गांवों में जमीन खोजें। स्कूलों में आपूर्ति किये जा रहे स्वेटरों का सैम्पल टेस्ट भदोही के लैब में कराने का निर्देश दिया। राज्यपाल के वाराणसी प्रवास के दौरान उन्होंने टीबी रोग से ग्रसित जिले के 500 बच्चों को अधिकारियों द्वारा गोद लेकर उनके आवासों पर जाकर उनसे मिलने व उनकी निगरानी करने के निर्देश पर दो दिन में कार्रवाई शुरू करने को कहा। इस दौरान सीडीओ मधुसूदन होलगी, सीएमओ डॉ वीबी सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बाल श्रम कराने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई
वाराणसी। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने जिला बाल संरक्षण समिति की बैठक में रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों व अन्य जगहों पर बाल श्रम करने वाले बच्चों की पहचान कर रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, बाल श्रम कराने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई का निर्देश दिया। स्मार्ट सिटी के बैनर वाली साइटों पर चाइल्ड हेल्पलाइन 112, 181 , महिला हेल्पलाइन 1089 नम्बर प्रचारित करने को कहा। चाइल्डलाइन के बच्चों को उनके घरवालों तक पहुंचाने के लिए आधार कार्ड के माध्यम से पहचान का निर्देश दिया।
शूटिंग रेंज का बनेगा नया नक्शा
वाराणसी। राइफल क्लब के शूटिंग रेंज का नक्शा सुधार के साथ दोबारा बनाया जाएगा। जिलाधिकारी ने जिला राइफल क्लब में शूटिंग रेंज के भवन के मानचित्र एवं कार्य योजना पर राज्य स्तरीय अधिकारियों और सदस्यों से विचार किया। कहा कि भवन में एक मेडिकल रूम तथा फिजियो थेरेपी रूम भी बनाएं। भवन वास्तु शास्त्र के नियमों के अनुसार बनाया जाए। शूटिंग रेंज के अलग प्रवेश द्वार और मार्ग की योजना प्रोजेक्ट में जोड़ने के लिए संभावित स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए।