- मंडुवाडीह के लोगों को फाॅर्म भरने के लिए किया जागरूक
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को मंडुवाडीह में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। यहां चल रहे गणना प्रपत्रों के वितरण कार्य, उसकी वापसी और डिजिटाइजेशन के कार्यों को देखा। उस क्षेत्र के सुपरवाइजर और बीएलओ से जानकारी ली। उन्होंने आसपास के लोगों से गणना प्रपत्र के मिलने और फॉर्म भरकर जमा करने के बारे में पूछा।
डीएम ने कहा कि यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है। एसआईआर फॉर्म भरने की प्रक्रिया में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। आप सभी मतदाता गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा कर सकते हैं। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि चार दिसंबर है। जिलाधिकारी ने निर्वाचन में नियुक्त कार्मिकों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी और कर्मचारी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की कि वे अपने गणना प्रपत्र जल्द से जल्द जमा करें। उन्होंने कार्मिकों से कहा कि फॉर्म भरने, संग्रहीत करने और तकनीकी प्रक्रियाओं के प्रत्येक चरण में सावधानी बरती जाए। सूची मिलान भी सही तरीके से किया जाए।