जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार बुधवार को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत कंपोजिट विद्यालय चौक रामनगर, कंपोजिट विद्यालय वाजिदपुर, प्राथमिक विद्यालय रामदास और घसियारी टोला मानस मंदिर दुर्गाकुंंड क्षेत्र के बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे स्वयं से संबंधित गणना प्रपत्र को सही ढंग से भरकर हस्ताक्षर करें। एसआईआर फॉर्म भरकर जल्द से जल्द अपने मतदेय स्थल के बीएलओ को उपलब्ध कराएं। गणना प्रपत्र भरने में किसी भी कठिनाई के लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मतदाताओं के नाम फीड करने, गणना प्रपत्रों के वितरण और बांटे गए प्रपत्रों को एकत्र करने की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि पिछले विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बाद वर्ष 2003 में तैयार मतदाता सूची में अपना या अपने संबंधी का विवरण खोजने के लिए मतदाता वेब पोर्टल voters.eci.gov.in पर जा सकते हैं। वहां सर्च योर नेम इन लास्ट एसआईआर पर क्लिक कर सर्च बाई इलेक्टर डिटेल्स वीएससी टैब के माध्यम से जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिलाधिकारी ने एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए। कहा कि वे सभी गांवों के मजरों और नगरीय क्षेत्रों के मोहल्लों, कॉलोनियों और बस्तियों में रहने वाले प्रत्येक मतदाता को गणना पत्र अवश्य उपलब्ध कराएं। साथ ही, मतदाता के हस्ताक्षरयुक्त एक प्रति बीएलओ को वापस प्राप्त की जाए।