वाराणसी में सावन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एस राजलिंगम, एडिशनल सीपी एस चनप्पा ने पंचक्रोशी मार्ग का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी एस राजलिंगम और एडिशनल सीपी एस चनप्पा ने सावन की तैयारियों को लेकर पंचक्रोशी मार्ग का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि अतिरिक्त सफाई कर्मी की जरूरत है तो लगाइए, लेकिन गंदगी नहीं मिलनी चाहिए। हर हाल में सफाई व्यवस्था बेहतर रहे। शौचालयों की सफाई का निर्देश देते हुए कहा कि यदि सीट बदलने की जरूरत लगे तो उसे बदल दें।
विज्ञापन
डीएम ने सफाई व्यवस्था के लिए नगर निगम के अफसरों और डीपीआरओ को निर्देश दिए। कहा कि जहां-जहां सड़क क्षतिग्रस्त हैं या गड्ढे, टूटफूट हों उन्हें तत्काल दुरुस्त कराएं। पंचक्रोशी मार्ग पर धर्मशालाओं, तालाबों/ कुंडों की सफाई के साथ ही टूट-फूट की मरम्मत करा ली जाए। लठियां में जलभराव व सड़क के दोनों तरफ कूड़े के ढेर, अस्सी नाले पर पर कूड़े, नरिया-करौंदी के बीच अतिक्रमण, राजातालाब रेलवे क्रॉसिंग की सड़क की मरम्मत के अलावा अन्य कमियों को दूर करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
कंदवा धर्मशाला की साफ-सफाई और वायरिंग के अधूरे कार्यों पर नाराजगी जताई। भीमचंडी धर्मशाला के निरीक्षण में पीने के पानी और टोटी लगाने के लिए जलकल विभाग और संबंधित बीडीओ को शौचालय की सीट बदलने, मंदिरों की साफ सफाई व सड़क के दोनों तरफ की झाड़ियां कटवाने, कूड़ा-गोबर हटवाने व सड़क किनारे रखे गिट्टी, बालू को एसडीएम व नायब तहसीलदार से मिलकर हटवाने का निर्देश दिया। जलभराव वाले स्थानों पर अस्थायी शॉकपिट बनवाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।