बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में चल रहा दिव्य कला समागम बुधवार को समाप्त हो गया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश और नई सुबह संस्थान के तत्वावधान में हुए आयोजन के अंतिम दिन मुख्य अतिथि यूपी सरकार में आयुष मंत्रालय के राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र ''दयालु'' रहे। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के सामने विभिन्न चुनौतियां हैं। इसलिए सरकार शिक्षा, व्यापार आदि क्षेत्रों में सहूलियत दे रही है। दिव्यांग विज्ञान, खेल, पर्वतारोहण समेत हरेक क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। विकसित भारत के निमार्ण में इनकी अहम भूमिका है। राज्यमंत्री ने परिसर में लगे स्टॉल पर दिव्यांगों के बनाए उत्पादों का अवलोकन भी किया।
इससे पहले विभिन्न सत्रों में बीएचयू के प्रो. वीपी रावत ने दिव्यांगों के लिए यौन शिक्षा विषय पर बताया कि दिव्यांगों के साथ अतिरिक्त सावधानी से व्यवहार करने की जरूरत है। प्रो. जी गुप्ता ने नई शिक्षा नीति में दिव्यांगों के लिए उपलब्ध आंगनबाड़ी प्रोटोकाॅल के बारे में बताया। इसके तहत सरकार दिव्यांगों का पता लगाकर उन्हें शिक्षा से जोड़ेगी।
प्रो. आर एन शर्मा ने दिव्यांगता के क्षेत्र में नए स्टार्टअप, डाॅ. शिवाजी कुमार ने दिव्यांगता के क्षेत्र और सरकारी नीतियां विषय पर विचार रखे। इस दौरान जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी राम प्रकाश, डाॅ. आदित्य तिवारी, डाॅ. अमित तिवारी मौजूद रहे।