मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने चंदौली व गाजीपुर के जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जलनिगम के की ओर से बन रहे एसटीपी प्लांट्स की भविष्य के हिसाब से एमएलडी क्षमता का अवलोकन कर लें, ताकि जौनपुर में हुई गड़बड़ी की पुनरावृत्ति न होने पाये। जौनपुर में 30 एमएलडी की क्षमता का निर्माण हुआ, जबकि वर्तमान में ही वहां 60 एमएलडी की सप्लाई आ रही।
इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। मंडी समिति में चल रहे निर्माण पर गुणवत्ता रिपोर्ट व चंदौली की मछली मंडी में अर्नेस्ट मनी कम करने पर चर्चा हुई। सेतु निगम को कार्यों में तेजी लाने व अंतर्देशीय परिवहन में आ रही रुकावटों को दूर करने का भी निर्देश दिया।
मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने की मंडलीय समीक्षा बैठक
- फोटो : अमर उजाला
मंडलीय बैठक में सरकारी व निजी सभी अस्पतालों में आग से बचाव के उपकरण की जांच व मॉकड्रिल का निर्देश दिया। शिक्षा विभाग की निपुण भारत योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा, विद्यालयों में नामांकन तो बढे़ हैं, पर कम उपस्थिति को लेकर काम करने की जरूरत है।
बैठक में विद्यालयों में दिव्यांग शौचालय पर भी ध्यान देने की बात हुई। कृषि विभाग के अधिकारियों को किसान सम्मान निधि में छूटे परिवारों को जल्द से जल्द जोड़ने व गलत जुड़े लोगों को हटाने तथा उनसे रिकवरी करने का निर्देश दिया।
बिजली विभाग के अभियंताओं को शहंशाहपुर प्लांट में कम बिजली आपूर्ति पर तत्काल प्रभाव से एक्शन लेने व ट्रिपिंग की समस्या दूर करने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी वाराणसी कौशल राज शर्मा, गाजीपुर मंगला प्रसाद सिंह, चंदौली संजीव सिंह, जौनपुर मनीष कुमार वर्मा, सभी मुख्य विकास अधिकारी व अन्य विभागीय मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।