वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के खरगूपुर गांव निवासी जितेंद्र अग्रहरि ने विवादित जमीन पर बने मकान में जबरन ताला लगाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। जितेंद्र के अनुसार, उनके दादा की संपत्ति है। इसके हिस्से की रजिस्ट्री को लेकर करीब 10 वर्षों से दीवानी मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि कतवारूपुर निवासी मिठाई लाल यादव ने उनकी अनुपस्थिति में मकान पर जबरन ताला लगा दिया। जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे जितेंद्र के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी का विवादित जमीन से कोई संबंध नहीं है और न ही वह मुकदमे में पक्षकार है। थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। संवाद