वाराणसी। लालपुर थाना क्षेत्र स्थित पुश्तैनी संपत्ति को कथित कूटरचित वसीयतनामे के आधार पर हड़पने और राजस्व अभिलेखों में नाम बदलवाने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हुकुलगंज निवासी भैयालाल यादव के अनुसार, उनके दादा स्व. झूरी की पुश्तैनी जमीन वरासत में उनके पिता नथू यादव के नाम दर्ज हुई थी। आरोप है कि बेबी, पूना देवी, छोटेलाल और बच्चेलाल यादव ने कथित तौर पर फर्जी वसीयतनामा तैयार कराकर संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया। इसके आधार पर राजस्व अभिलेखों से उनके पिता का नाम हटवाकर आरोपियों ने अपना नाम दर्ज करा लिया। वादी ने वसीयतनामे के गवाहों की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि एक गवाह मानसिक रूप से अस्वस्थ था, जबकि दूसरे गवाह ने शपथपत्र देकर वसीयतनामे में गवाही देने से इन्कार किया है। थाना प्रभारी कैंट राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद