यूपी के मिर्जापुर में जमीन के पैसे के बंटवारे के विवाद में एक पक्ष के लोगों ने बुधवार सुबह नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन के देवर की पिटाई कर दी। इससे नाराज दूसरे पक्ष ने मार्ग जाम कर वाहनों में तोड़फोड़ की।
शाम को मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्या और भाजपा जिलाध्यक्ष बालेंदुमणि त्रिपाठी के पहुंचने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने थाने का घेराव और पुलिस पर पथराव किया। इसमें छह पुलिस वाले घायल हो गए। पूर्व चेयरमैन के पति की तहरीर पर पुलिस ने 18 लोगों पर हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया। मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है।
कछवां नगर पंचायत की पूर्व चेयरमैन सबीला बेगम के देवर बसउवर राईन, पपलू सिंह और शिवनरायन पार्टनरशिप में जमीन खरीदते-बेचते थे। जमीन के पैसे के बंटवारे को लेकर इनमें मंगलवार को विवाद हुआ था।
इसी दिन शाम को बजहा गांव के पपलू सिंह और शिवनरायन सिंह को निजाम राईन, राजू राईन और बसउवर राईन ने पीट दिया था। इसी मामले को लेकर बुधवार सुबह दस बजे पूर्व चेयरमैन सबीला बेगम के देवर मजहर राईन की जमुआ चौराहे पर पिटाई कर दी गई।
विरोध में राईन के समर्थकों ने कछवां-बरैनी व कछवां-बाड़ापुर मार्ग जाम कर दिया। ट्रक और कार में तोड़फोड़ की। सूचना पर डीएम अनुराग पटेल, एसपी विपिन कुमार मिश्रा 12 बजे पहुंचे और जाम समाप्त कराया।