वाराणसी। सिगरा के प्रेम पासी ने नगर आयुक्त प्रणय सिंह से शिकायत की कि शास्त्री नगर सिगरा में सीवरयुक्त गंदा पानी घरों में आ रहा है। इससे बीमारी का खतरा बना है। मंगलवार को अपने कार्यालय में संभव के तहत जनसुनवाई कर रहे नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या का समाधान होगा। जनसुनवाई में पानी, सड़क, भूमि अधिग्रहण, वेंडिंग जोन, पाइप लाइन लगवाने, स्ट्रीट लाइट आदि से जुड़ी 21 शिकायतें आईं। इनका समाधान कराने के लिए संबंधित अधिकारी के पास भेजा गया।
जनसुनवाई में शिवपुरवा के रमेश कुमार मिश्र ने सीवर समस्या के बारे में शिकायत की। कहा कि रास्ते में सीवर बहता है। जिससे होकर राहगीरों को जाना पड़ता है। स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी दिक्कत होती है। शिकायत करने पर अब तक समाधान नहीं हुआ है। सुंदरपुर के सोमारू ने शिकायत की कि सार्वजनिक कुआं और रास्ते पर अतिक्रमण किया गया है। कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जयप्रकाश नगर के सुरेश कुमार ने शिकायत की कि मेरे नाना नानी ने मृत्यु के पूर्व मेरे नाम से वसीयत की थी। कुछ लोग यहां अवैध निर्माण करवा रहे हैं। शिकायत के बाद भी कुछ नहीं हो रहा है। नगर आयुक्त ने सभी शिकायतों का निस्तारण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के पास भेजा।