लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से खजुराहो के लिए फिर से सीधी उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है। स्पाइसजेट का विमान 29 अक्तूबर से वाराणसी एयरपोर्ट से खजुराहो के लिए उड़ान भरेगा। यात्रियों को ये सेवा सप्ताह के सातों दिन मिलेगी। वाराणसी से खजुराहो के लिए अच्छा ट्रैफिक है। इसे देखते हुए विमानन कंपनी ने खजुराहो के लिए विमान सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। कोरोना काल में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर जब रोक लगी तो खजुराहो की विमान सेवा भी बंद हो गई। पर्यटन के लिहाज से खजुराहो प्रमुख शहरों में एक है। व्यापार के लिए भी पूर्वांचल से काफी लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में खजुराहो जाने के लिए यात्रियों को ट्रेन या फिर वाराणसी से दिल्ली जाकर फ्लाइट लेनी पड़ती थी। अब सीधी उड़ान सेवा होने से यात्रियों को सुविधा होगी। शेड्यूल के अनुसार स्पाइसजेट का विमान प्रतिदिन दोपहर 3.40 बजे खजुराहो से उड़ान भरकर 4.40 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेगा। यही विमान शाम पांच बजे वाराणसी एयरपोर्ट से उड़ान भरकर 5.50 बजे खजुराहो पहुंचेगा।