संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में नाम वापसी के बाद चुनाव अधिकारी ने रविवार को प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की। इसमें चार प्रमुख पदों पर (अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री और पुस्तकालय मंत्री) पर महज 10 प्रत्याशी मैदान में रह गए जबकि इस पर 50 पर्चे दाखिल हुए थे।
नामवापसी के बाद अध्यक्ष-महामंत्री पर दो-दो प्रत्याशी होने से सीधा मुकाबला हो गया है जबकि उपाध्यक्ष-पुस्तकालय मंत्री पद पर तीन-तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। विश्वविद्यालय में 16 दिसंबर को सुबह 9 से 2 बजे तक मतदान होना है। परीक्षा भवन में नामवापसी के बाद शाम को चुनाव अधिकारी प्रो. हेतराम कछवाह ने सूची जारी की।
बताया कि अध्यक्ष पद पर प्रिया चौबे-संजय कुमार, उपाध्यक्ष में कृष्ण कुमार पांडेय-मनीष मिश्र-रंजीत तिवारी, महामंत्री पर नरेंद्र मिश्र-सुजीत पांडेय और पुस्तकालय मंत्री पद पर अब अभिषेक शुक्ला- ललित कुमार और रामप्रकाश उपाध्याय मैदान में हैं। इसके अलावा संकाय प्रतिनिधि पर छह प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
नामांकन दाखिल करने वालों में सात-आठ ऐसे प्रत्याशी थे जो सभी पदों पर पर्चा भरे थे। इसके बाद से नाम वापसी को लेकर गुणा गणित चल रहा था और अब चार प्रमुख पदों पर केवल 10 प्रत्याशी ही रह गए हैं।