वाराणसी। बीएचयू के मालवीय भवन स्थित योग साधना केंद्र में दस दिवसीय ध्यान योग कार्यशाला का शुभारंभ बृहस्पतिवार को हुआ। यहां हर दिन शाम 4 से 5 बजे तक 100 से अधिक प्रतिभागियों को ध्यान और योग के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। बतौर मुख्य अतिथि केन्द्रीय उच्च तिब्बती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वांगचुंग दोरजी नेगी ने इस तरह के कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया।
विज्ञापन
योग साधना केंद्र के स्वर्ण जयंती महोत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रो. नेगी ने कहा कि चित्त को शांत करने एवं मन को एकाग्र करने में ध्यान योग अहम भूमिका निभाता है। इससे विद्यार्थियों को शारीरिक मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य लाभ प्राप्त होता है। मालवीय भवन के मानित निदेशक प्रोफेसर राजाराम शुक्ल ने बताया कि 16 फरवरी 1975 से योग साधना केंद्र निरंतर योग के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इस दौरान योग डिप्लोमा के छात्र-छात्राओं में नेहा सिंह, मोहित एवं सुमित ने योगासनों का प्रदर्शन किया। वरिष्ठ योग प्रशिक्षक डॉक्टर योगेश कुमार भट्ट ने ध्यान योग का अभ्यास कराया। अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन योग प्रशिक्षक अमित कुमार ने किया। इस दौरान डॉ. राधेश्याम तिवारी, डॉ. संध्या दुबे,डॉ. अमित कुमार मिश्र, आशीष दूबे आदि लोग मौजूद रहे।