वाराणसी में सोमवार को संस्कृति विभाग उप्र भा.वि.वि. एवं स्पिक मैके के तत्वाधान में डालिम्स सनब
- फोटो : Archive
संस्कृति विभाग, भातखंडे विश्वविद्यालय एवं स्पिक मैके की ओर से सोमवार को डालिम्स सनबीम स्कूल, मोहिनीकुंज और रामकटोरा शाखा में युवा सितार वादक ध्रुव बेदी का सितार वादन कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संगीत की सकारात्मक ऊर्जा से परिचित कराया। उन्होंने राग अल्हैया बिलावल से वादन की शुरुआत की। इस राग में आलाप, जोड़ और झाला प्रस्तुत किया। विलंबित और द्रुत तीनताल की बंदिशों पर विद्यार्थियों ने खूब तालियां बजाईं। उन्होंने सितार पर ‘वैष्णव जन तो...’ धुन प्रस्तुत कर सभी को आनंदित किया। साथ ही विद्यार्थियों के शास्त्रीय संगीत से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्हें संगीत से जुड़ने की सलाह दी। प्रधानाचार्या शिवानी सिंह ने कलाकारों का स्वागत किया। वहीं रामकटोरा शाखा में ध्रुव बेदी ने राग शुद्ध सारंग में रचित पारंपरिक हिंदुस्तानी शास्त्रीय बंदिश प्रस्तुत की। तबले पर पं. कुबेरनाथ मिश्र ने संगत की। स्पिक मैके की समन्वयक डॉ. विभा सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों को हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत से जोड़ने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अवसर पर स्कूल की निदेशिका पूजा मधोक, प्रदीप बाबा मधोक, प्रधानाचार्य दीपेंद्र वर्मा, ऋतु बाधवा, कल्चरल हेड विद्यासागर शर्मा आदि मौजूद रहे।