उन्होंने बताया कि वर्ष में पांच दिन ही भक्तों को मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन का अवसर मिलता है। छह नवंबर को धनतेरस पर खजाना वितरण शुरू होगा, जो मंदिर बंद होने तक जारी रहेगा। 10 नवंबर को अन्नकूट महोत्सव पर लड्डुओं की भव्य झांकी सजाई जाएगी। रात 11:30 बजे मां की महाआरती होगी।
धनतेरस के दिन सुबह पांच बजे से रात 11:30 बजे तक स्वर्णमयी प्रतिमा के दर्शन होंगे। साथ ही खजाना वितरण होगा। छह से 10 नवंबर तक रोज सुबह पांच बजे से रात 11:15 बजे तक मां अन्नपूर्णा के दर्शन होंगे। इसके बाद स्वर्णमयी अन्नपूर्णा के कपाट एक वर्ष के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
बांसफाटक से प्रवेश, कालिका गली से निकास
भक्त बांसफाटक होते हुए गेट नंबर एक स्थित ढुंढिराज मार्ग से मंदिर पहुंचेंगे। यहां बनाई गई अस्थायी सीढ़ियों से होकर श्रद्धालु मां के स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन करेंगे। दर्शन के बाद कालिका गली से बाहर निकलेंगे। मंदिर के प्रबंधक काशी मिश्रा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई गई है। कंट्रोल रूम से पूरे परिसर की निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेडिकल टीम तैनात रहेगी, जबकि जगह-जगह सेवादारों की ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मंदिर आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।