वाराणसी। ठंड में कोहरे के साथ पड़ रही ओस की बूंदें शहर की बत्ती गुल कर रही है। बिजली आपूर्ति दे रहीं पारेषण लाइनों में फॉल्ट होने से जनता को दिक्कतें हो रही हैं। ओस के कारण पारेषण लाइनों पर पहले से जमीं धूल और गंदगी के कारण शॉर्ट सर्किट हो रहा है। कभी-कभी तार भी टूट रहे हैं।
33/11 केवी उपकेंद्र पर आ रही पारेषण की लाइनें पूरी तरह से खुली होती हैं। शहर में इन दिनों हो रही बिजली कटौती का यह भी एक कारण है। वितरण उपकेंद्रों पर जब उपभोक्ताओं का फोन जाता है, तो उन्हें बताया जाता है कि पारेषण से लाइट बंद है, कुछ देर में चालू हो जाएगी। देहात इलाकों के उपकेंद्रों पर काम करने वाले अभियंताओं के अनुसार कोहरे और ओस के चलते पारेषण की लाइनाें में फॉल्ट का खतरा बढ़ जाता है। दिन में लाइनों की पेट्रोलिंग की जाती है। कुछ जगहों पर पेड़ों के सड़ने और धागे के फंसने से भी शॉट सर्किट का खतरा होता है। जिसे देखते ही पेट्रोलिंग के दौरान आपूर्ति बंद करके इन्हें साफ कराया जाता है। पारेषण के अधीक्षण अभियंता विनीत कुमार ने बताया कि ठंड के दिनों में कोहरे और ओस की समस्या से फॉल्ट का खतरा बढ़ जाता है। लेकिन, वाराणसी में इस प्रकार की समस्या कम है।