कछवा रोड। तमाचाबाद में नेशनल हाईवे पर जियो बीपी रिलायंस पेट्रोल पंप पर रविवार रात कार में सीएनजी भराने पहुंचे श्रद्धालुओं को लाठी-डंडे से पीटा गया। पेट्रोल पंप के 20 अज्ञात कर्मियों के खिलाफ मिर्जामुराद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सीसी कैमरों की मदद से आरोपियों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है। बदायूं के दातागंज निवासी सौरभ गुप्ता और संजीव गुप्ता परिवार के साथ महाकुंभ के स्नान के बाद काशी जा रहे थे। सौरभ ने बताया कि कार में सीएनजी कम होने पर तमाचाबाद में जियो बीपी रिलायंस पेट्रोल पंप पर रुके। दो घंटे के इंतजार के बाद सीएनजी मिला। कर्मचारियों से कहा कि आप लोग खड़े हो, जल्दी करते तो समय कम लगता। इसे लेकर पेट्रोल पंप के कर्मचारी गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर सेल्समैन के साथ 20 कर्मचारियों ने रॉड और लाठी-डंडे से मारकर घायल कर दिया। सौरभ ने बताया कि उनके और संजीव के अलावा महिलाओं और बच्चों को भी मारा गया। पुलिस ने सौरभ और संजीव को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।