क्रासर
मैकेनाइज्ड पार्किंग, बारातघर, रिटायरमेंट होम के होंगे निर्माण
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। प्रदेश सरकार की ओर से सभी निकायों में मिशन टू मूवमेंट के तहत अवस्थापना की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए 500 करोड़ रुपये जारी हुए हैं। सभी निकायों के प्रस्ताव बनाकर भेजने के बाद वाराणसी के 100 वार्डों में विकास से जुड़े कार्य होंगे। इसे लेकर शासन को पत्र भेजकर प्रस्ताव भी मांगे गए हैं। मिशन टू मूवमेंट के तहत मैकेनाइज्ड पार्किंग, बारातघर, रिटायरमेंट होम, कैफे, बुक कैफे, पेट क्लीनिक, बहुद्देशीय खेल सुविधाएं, अर्बन प्लाजा आदि के कार्य होंगे। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (सीएम वीएनवाई) प्रोत्साहन आधारित है। यह योजना अगले पांच साल के लिए होगी। सभी निकायों के लिए एक वर्ष के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान है। नगर में सतत आर्थिक वृद्धि और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। जनसंख्या और क्षेत्रफल के आधार पर निकायों को तीन श्रेणियों में रखा गया है। छह सेक्टर में विकास कार्य होंगे। इनमें प्रशासनिक, आर्थिक, सामाजिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण, विरासत संरचना पर काम किया जाएगा। इसके तहत सीसी रोड, नाली, खड़ंजा आदि के निर्मााण कार्य होंगे। इसे लेकर निकायों की ओर से निदेशालय को प्रस्ताव भेजे जाएंगे। निदेशालय की ओर से उपलब्ध प्रस्ताव शासन से अनुमोदन के बाद निकायों में काम शुरू होगा। इसके लिए नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सभी विभागों को कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया है।