वाराणसी में प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर प्रशासन की भी तैयारी
देव दीपावली पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन को लेकर जिला प्रशासन भी तैयारी में जुटा है। शनिवार को सूजाबाद गांव में हैलीपैड स्थल को सुरक्षा एजेंसियों ने अपने कब्जे में ले लिया है। इसके मद्देनजर सूजाबाद जाने वाला मार्ग सील कर दिया गया है। पूरे इलाके की सेना के दो हेलीकाप्टरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। दिनभर पड़ाव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
काशी की देव दीपावली देखने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा के इस पार सूजाबाद में उतरेंगे। यहां से अवधूत भगवान राम गंगा घाट से स्टीमर से गंगा में भ्रमण करेंगे। इसके लिए सूजाबाद में तीन हेलीपैड बनाए गए हैं और गंगा घाट पर कालीन बिछाए गए हैं। शनिवार को सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया। दिनभर पूरे इलाके की सेना के दो हेलीकाप्टर के माध्यम से निगरानी की गई।
जीटी रोड पड़ाव से समाधिस्थल तक बैरिकेडिंग के साथ ही लोहे की जालियों से घेर दिया गया है। पड़ाव रोड पर भी बैरिकेडिंग की गई है। हैलीपैड से गंगा घाट तक जाने वाले मार्ग को बनाने का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है।
सीओ सदर कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि सूजाबाद इलाका वाराणसी में है लेकिन जिले से सटा है। पड़ाव और आसपास के इलाके के सभी होटलों में लगातार निगरानी हो रही है। यहां रुकने वालों की पहचान की जा रही है। पड़ाव और आसपास के इलाकों के रहवासियों की जांच पहले ही की जा चुकी है।
राजघाट पुल के टूटी रेलिंग की मरम्मत हुई
पीडीडीयू नगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए राजघाट पुल पर जाने वाले रास्ते की मरम्मत की गई। वहीं रास्ते के दोनों तरफ लोहे की टूटी रेलिंग की मरम्मत के साथ ही रंग रोगन का काम दिन भर होता रहा।