देव दीपावली पर मंगलवार को गंगा में 11 एनडीआरएफ के 115 जवान 22 नावों के साथ तैनात रहेंगे। यह जानकारी देते हुए सोमवार को 11 एनडीआरएफ के डीआईजी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि जवान, जीवन रक्षक उपकरणों से लैस रहेंगे। श्रद्धालुओं से अपील है कि वह सतर्कता बरतें और जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। सावधानी ही सुरक्षा का सबसे अच्छा उपाय है।
एनडीआरएफ के डीआईजी ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी केंद्रीय सुरक्षा बलों के शहीद जवानों को दशाश्वमेध घाट पर भागीरथ शौर्य सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए एनडीआरएफ के जवान अस्सी घाट, हरिश्चंद्र घाट, दशाश्वमेध घाट, मणिकर्णिका घाट और राजघाट पर नावों पर तैनात रहेंगे। किसी भी प्रकार की सूचना पर अधिकतम 10 मिनट में वह मौके पर पहुंच जाएंगे। एनडीआरएफ की मेडिकल टीम अलग-अलग घाटों पर तैनात रह कर निशुल्क उपचार के साथ ही दवा वितरित करेगी।
ये भी पढ़ें : देव दीपावली: जाम से मुक्ति के लिए यातायात पुलिस ने जारी किया प्लान, शहर में यहां होगा रूट डायवर्जन
84 घाटों की निगरानी करेंगे दो ड्रोन कैमरे
देव दीपावली पर मंगलवार को गंगा के 84 घाटों की निगरानी दो ड्रोन कैमरों से की जाएगी। साथ ही गंगा घाटों की ओर जाने वाले मार्गों की निगरानी 129 सीसी कैमरों से की जाएगी। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की कमान तीन एडिशनल एसपी और आठ डिप्टी एसपी संभालेंगे।