पुलिस आयुक्त ने बताया कि प्रमुख घाटों पर वॉच टावर, डीएफएमडी व एचएचएमडी के माध्यम से चेकिंग, सीसीटीवी कैमरों, पब्लिक एड्रेस सिस्टम व ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। भीड़-भाड़ और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, क्यूआरटी, एंटी रोमियो स्क्वॉड की तैनाती की गई है। भीड़ नियंत्रण एवं प्रभावी प्रबंधन करने के लिए सभी राजपत्रित एवं थाना प्रभारी, प्रभारी निरीक्षक अपने साथ रस्सा, हैंड हेल्ड सेट, लाउड हेलर व ड्रैगन लाइट अनिवार्य रूप से रखेंगे और आवश्यकता पड़ने पर इनका प्रभावी उपयोग करेंगे।
गंगा में नौका संचालन और जल सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। नमो घाट से अस्सी घाट तक गंगा में नावों एवं मोटरबोट के संचालन के लिए जल क्षेत्र को सात सेक्टर में बांटा गया है। फ्लोटिंग वाटर जेटी की सहायता से 3 अलग-अलग लेन बनाई गई है। चेतसिंह घाट पर फ्लोटिंग पुलिस स्टेशन स्थापित किया गया है।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने लिया तैयारियों का जायजा
विश्व प्रसिद्ध काशी की देव दीपावली के भव्य आयोजन के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग, आयुक्त वाराणसी मंडल और जिलाधिकारी ने आयोजन से जुड़ी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया गया।
संबंधित विभागों, कार्यदायी संस्थाओं और आयोजन समितियों ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। घाटों और निर्धारित स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन के लिए घाट समितियों एवं आयोजकों को दीप वितरित कर दिए गए हैं। घाट समितियां, स्वयंसेवी संस्थाएं और संबंधित कर्मचारी अपने निर्धारित स्थलों पर समन्वय के साथ व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। घाटों की सजावट, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई के साथ सुरक्षा, अग्निशमन और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम किए गए हैं।
देव दीपावली पर घाटों को स्वच्छ रखने की अपील : देव दीपावली के मद्देनजर नमामि गंगे की ओर से घाटों पर स्वच्छता अभियान चला। सोमवार को दशाश्वमेध घाट पर गंगा तट की सफाई कर लोगों को जागरूक किया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने श्रद्धालुओं से घाटों पर कचरा न फैलाने की अपील की। राजेश शुक्ला ने कहा कि मां गंगा और घाटों को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी है।
विश्वनाथ धाम में सभी द्वार से प्रवेश मिलेगा
देव दीपावली पर मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में सभी द्वारों से श्रद्धालुओं को प्रवेश मिलेगा। गंगा स्नान कर श्रद्धालु घाटों के रास्ते गंगा द्वार से धाम में प्रवेश कर सकेंगे। भीड़ बढ़ने पर वीआईपी और स्पर्श दर्शन पर रोक रहेगी। ललिता घाट पर शाम की गंगा आरती भी पूरे भव्यता के साथ होगी। इससे पहले सोमवार को धाम की आभा रंग-बिरंगे विद्युत झालरों से दमक उठी। 17 तरह के देसी-विदेशी फूलों से पूरे परिसर को सजा दिया गया है। सोमवार को दो लाख दस हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ सत्यम मिश्र ने बताया कि सुगंधित व आकर्षक पुष्पों और था रंग-बिरंगी विद्युत झालरों धाम को सजाया जाएगा। 15 हजार से अधिक दीप जलाए जाएंगे।
84 घाटों व 102 कुंडों पर भी उतरेगा देवलोक
देव दीपावली पर मंगलवार को आदि केशव घाट से लेकर सामने घाट तक 84 अर्धचंद्राकार घाटों के साथ ही 102 प्राचीन कुंडों-पोखरों और गंगापार की रेती पर लाखों दीपों की स्वर्णिम आभा बिखरेगी। 1985 में महज छह घाटों और 8,000 दीपों से शुरू हुए इस महापर्व के सफल संचालन के लिए 15 सदस्यीय कोर समिति बनाई गई है। महोत्सव का शुभारंभ नमो घाट पर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह दीप प्रज्वलित कर करेंगे।
परंपरा के अनुसार, सभी 84 घाटों पर दीपदान की शुरुआत ऐतिहासिक पंचगंगा घाट स्थित 18वीं शताब्दी में निर्मित चुनार के बलुआ पत्थर वाले ‘हजारा’ दीप स्तंभ से होगी। काशी नरेश डॉ. विभूति नारायण सिंह की प्रेरणा से 1986 में पुनर्जीवित इस स्तंभ के 1,000 आलों में सबसे पहले दीप जलेंगे। 40 वर्षों से पुरोहितों व मल्लाहों द्वारा संजोई इस विरासत के साये में इस बार पदाधिकारी व पर्यटक मां गंगा को साक्षी मानकर नशामुक्ति का संकल्प भी लेंगे।
गंगा किनारे हुआ ड्रोन और लेजर शो का ट्रायल
सोमवार की रात काशी के आसमान में अद्भुत नजारा देखने को मिला। गंगा घाटों के पास आसमान में 30 मिनट तक चले इस विशेष ट्रायल में सैकड़ों ड्रोन्स ने 3डी प्रेजेंटेशन और लेजर लाइट्स के माध्यम से कई मनमोहक आकृतियां उकेरीं।
आधे घंटे तक चले इस रिहर्सल के दौरान आसमान में सबसे पहले उत्तर प्रदेश सरकार का राजकीय चिह्न और प्रदेश पर्यटन का लोगो ‘उत्तर प्रदेश’ जगमगाया। इसके बाद काशी की पहचान विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती और ‘गुरुपर्व एवं देव दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं’ लिखकर उत्सव का संदेश दिया गया। ड्रोन्स की सटीक जुगलबंदी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सजीव आकृतियां भी आसमान में उभरीं। इस 30 मिनट के ट्रायल को देखने के लिए सड़कों और छतों पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही, जिससे मुख्य आयोजन को लेकर उत्साह बढ़ गया।
एयर शो की थीम पर रंगोली बनेगी
- देव दीपावली पर घाटों देव आराधना के साथ विविध रूपों में झलकियां दिखेंगी। कार्तिक मास में खासकर पंचगंगा घाट पर विविध अनुष्ठान के साथ दीपदान होगा। यहां पर कन्याओं का भी पूजन होगा। अस्सीघाट पर एयरशो की थीम पर रंगोली बनाई जाएगी। अस्सी घाट पर ही आंख बंद कर एक कलाकार गणेश जी की प्रतिमा बनाएगा।
- काशी नरेश का 12 फीट कटआउट : बूंदी परकोटा घाट पर काशी नरेश विभूतिनारायण सिंह का 12 फीट का कटआउट लगेगा। काशीराज परिवार की तीनों राजकुमारियां दीपदान करेंगी। नगर निगम के बुद्धा विकासशील पार्क में औषधीय पौधे रोपेंगी।
सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, सुगम यातायात व श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। सभी अधिकारी व कर्मचारी पूरी सतर्कता, अनुशासन, संवेदनशीलता व आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे, जिससे सभी आयोजन सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जा सकें। - मोहित अग्रवाल, पुलिस आयुक्त